पुणे में 10 दिनों से जारी छात्रों का आंदोलन समाप्त, सरकार ने आईएएस तुकाराम मुंढे को बनाया भर्ती सुधार समिति का सचिव

•  तुकाराम मुंढे संभालेंगे नई जिम्मेदारी!

महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग को लेकर पुणे के एसएम जोशी ब्रिज पर पिछले दस दिनों से चल रहा छात्रों का बड़ा आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया है. राज्य सरकार ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक कदम उठाते हुए राज्य भर्ती संस्था में बड़े सुधारों के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दिया है. सरकार ने इस अत्यंत महत्वपूर्ण समिति के सचिव पद पर राज्य के कड़े और ईमानदार छवि वाले आईएएस अधिकारी व वर्तमान एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे को नियुक्त किया है. सरकार की इस आधिकारिक घोषणा और राज्य मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले द्वारा प्रदर्शनकारी छात्रों से सीधे मुलाकात करने के बाद आंदोलनकारी युवाओं ने जश्न मनाते हुए अपना धरना खत्म कर दिया. इस फैसले से आगामी सरकारी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है।



Comments